JP Nadda Tour: बीजेपी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (national president JP Nadda) आज एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के जगदलपुर पहुंचेंगे। जेपी नड्डा यहा पर भाजपा कोर कमेटी की बैठक लेंगे। इसके साथ ही लाल बाग मैदान में आयोजित आम सभा को संबोधित करेंगे। जेपी नड्डा के साथ छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, समेत केंद्र से लेकर राज्य के कई दिग्गज नेता भी शामिल होंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सुबह करीब 11 बजे जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां सबसे पहले जगदलपुर में स्थित बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर दर्शन करेंगे। जिसके बाद करीब 12 बजे जगदलपुर के भाजपा कार्यालय में कोर कमेटी की बैठक लेंगे। ये बैठक 1 घंटे तक चलेगी। बैठक के बाद 1 बजकर 50 मिनट पर शहर के लालबाग मैदान पहुंचेंगे और यहां आम सभा को संबोधित करेंगे।
सांसद अरुण साव ने बताया
छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने बताया कि, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा भाजपा के जुझारू कार्यकर्ताओं को सफलता का मंत्र देने आ रहे हैं। वे बस्तर से चुनावी शंखनाद करेंगे। साव ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता चुनाव जीतने के लिए कमर कसकर तैयार है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कार्यकर्ताओं को संघर्ष में जीत का मार्ग प्रशस्त करने वाला मार्गदर्शन देने आ रहे हैं। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष तथा देश के गृहमंत्री अमित शाह कोरबा में विशाल जनसभा को संबोधित कर चुके हैं और कोरबा लोकसभा क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को पार्टी की विजय के लिए मैदान में उतार चुके हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन से पूरे बस्तर में कमल खिलेगा, यह हमारा विश्वास है।
बस्तर है अहम
गौरतलब है कि किसी भी राजनीतिक पार्टी को छत्तीसगढ़ में अपनी सरकार बनानी हो तो सत्ता का रास्ता बस्तर से ही होकर गुजरता है। बस्तर की सारी 12 विधानसभा सीटों पर कोई भी पार्टी जीत दर्ज करती है तो सत्ता की कुर्सी पर बैठना आसान हो जाता है। वर्तमान में बस्तर की सारी 12 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस ने कब्जा जमाकर रखा है। अब भाजपा के लिए बस्तर की सारी सीटों पर कब्जा जमाना एक बड़ी चुनौती होगी। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का बस्तर प्रवास बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे बस्तर की सीटों पर फतह हासिल करने कार्यकर्ताओं को चुनावी मंत्र देंगे।
Comments (0)