फरवरी में हमारे जीवन पर असर डालने वाले 6 बड़े बदलाव लागू हो रहे हैं। आज से सिगरेट और तंबाकू उत्पाद महंगे हो गए हैं। वहीं, नई कार, जीप और वैन के लिए फास्टैग जारी करते समय अब KYV प्रोसेस की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा, 1 फरवरी से 19 किलो वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर ₹50 तक महंगा हो गया है।
6 बड़े बदलाव
GST बढ़ा, सिगरेट और तंबाकू उत्पाद महंगे होंगे
3 सितंबर 2025 के बदलावों के बाद अब 1 फरवरी से पान मसाला, खैनी, गुटखा और सिगरेट जैसे तंबाकू उत्पादों पर 40% GST लागू होगा। पहले इन पर 28% GST के साथ 'कंपनसेशन सेस' लगता था। सिगरेट की लंबाई के आधार पर नई एक्साइज ड्यूटी भी लागू होगी, ₹2.05 से ₹8.5 प्रति स्टिक। बीड़ी पर राहत देते हुए GST 18% कर दिया गया है।इस बदलाव से रिटेल मार्केट में इन उत्पादों की कीमतों में 15% से 40% तक उछाल आ सकता है।
फास्टैग यूजर्स को KYV वेरिफिकेशन की जरूरत नहीं
नई कार, जीप और वैन के लिए फास्टैग जारी करते समय अब KYV प्रोसेस नहीं करना होगा। पहले से लगे फास्टैग वाले वाहन मालिकों को भी रूटीन वेरिफिकेशन की जरूरत नहीं होगी। KYV सिर्फ तब मांगा जाएगा, जब फास्टैग के गलत इस्तेमाल या शिकायत आए।
कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 50 रुपए बढ़े
आज से 19 किलो वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 50 रुपए तक महंगा हो गया है। दिल्ली में यह ₹1740.50 और चेन्नई में ₹1899.50 में मिलेगा।
RBI की मीटिंग 4 से 6 फरवरी, ब्याज दर घट सकती है
RBI की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की बैठक 4 से 6 फरवरी तक होगी। अनुमान है कि इस बैठक में ब्याज दर 0.25% घटाकर 5% की जा सकती है। इससे लोन सस्ते होंगे और EMI में राहत मिलेगी।
एविएशन फ्यूल सस्ता, हवाई टिकट घट सकते हैं
तेल कंपनियों ने एविएशन फ्यूल के दाम लगभग ₹1,000 घटा दिए हैं। दिल्ली में फ्यूल की कीमत ₹91,393.39 प्रति किलोलीटर हो गई है। इससे एयरलाइन्स की ऑपरेशनल लागत कम होगी और हवाई टिकट सस्ते हो सकते हैं।
संपत्ति रजिस्ट्री के लिए आधार ऑथेंटिकेशन जरूरी
उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में 1 फरवरी से संपत्ति की रजिस्ट्री के लिए खरीदार, विक्रेता और गवाहों की बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दी गई है।
Comments (0)