MP विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन के लिए कल यानी की मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई। कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में प्रत्याशियों के नामों को लेकर अंतिम फैसला नहीं हो पाया। बता दें कि, 7 घंटे चली बैठक में लगभग 200 सीटों पर सीटवार चर्चा हुई। माना जा रहा है कि, 5 अक्टूबर के बाद ही उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया जाएगा। वहीं अब कांग्रेस की इस बैठक पर बीजेपी ने तंज कसा है।
नीलामी के कारण कांग्रेस की सूची अब तक रुकी हुई है
कांग्रेस की सूचीयों को लेकर बैठकों पर एमपी बीजेपी के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कटाक्ष करते हुए कहा कि, नीलामी के कारण कांग्रेस की सूची अब तक रुकी हुई है।
कांग्रेस की सूची पर गुटबाजी हावी है। कांग्रेस में टिकटों की नीलामी हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि, दिग्विजय गो, कमलनाथ अच्छा, अरुण यादव गुड को कितने टिकट मिले इस पर विवाद चल रहा है।
कांग्रेस परिवारवाद की गारंटी है - बीजेपी
इसके साथ ही पीसीसी चीफ कमलनाथ के ट्वीट - कांग्रेस मुस्कान की गारंटी पर बीजेपी ने तंज कसा है। बीजेपी मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने निशाना साधते हुए कहा कि, कांग्रेस मुस्कान की नहीं विनाश की गारंटी है। उन्होंने आगे कहा कि, कांग्रेस परिवारवाद की गारंटी है। कांग्रेस हार की गारंटी है। सुशासन की मुस्कान की गारंटी है केवल भारतीय जनता पार्टी।
अपनी हार से डर कर कांग्रेस नेता भाग रहे हैं
पूर्व केंद्रीय मंत्री व एमपी कांग्रेस के कद्दावर नेता अरुण यादव के विधानसभा चुनाव न लड़ने के ऐलान पर बीजेपी मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल का बयान सामने आया है। बीजेपी नेता ने कहा कि, कांग्रेस के दिग्गज पहले ही मैदान छोड़कर भागने लगे हैं। अभी तो चुनाव की तारीखों का ऐलान भी नहीं हुआ है। अपनी संभावित हार से डर कर पहले ही कांग्रेस नेता भाग रहे हैं। उन्हें पता है कि, जब चुनावी मैदान में जाएंगे तो जनता साथ नहीं देगी।