भोपाल। मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और सुबह-शाम हल्की गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है। इसी बीच प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान बारिश की संभावना जताई गई है। रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
भोपाल-इंदौर में रातें हुईं सर्द
बुधवार को इंदौर में न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम रहा। भोपाल में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है।खंडवा और खरगोन में रात का तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से करीब 2.5 डिग्री कम रहा। रायसेन में 19.5 डिग्री और सिवनी में 21.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
दो मौसम प्रणालियां सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण प्रदेश में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। इसके साथ ही दो मौसम प्रणालियां भी सक्रिय हैं।दक्षिण-पश्चिमी मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ तक एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जबकि दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश तक ट्रफ लाइन सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों का असर खास तौर पर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में देखने को मिल रहा है।बुधवार को सीधी, सिवनी, अनूपपुर, सिंगरौली और छिंदवाड़ा में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
8 अक्टूबर को इन जिलों में बारिश
गुरुवार यानी 8 अक्टूबर को रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल और बालाघाट समेत पूर्वी मध्यप्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है।मौसम के मौजूदा सिस्टम के कारण पूर्वी हिस्सों में अगले दो दिनों तक बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। इसके बाद आसमान साफ होने पर रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना बन सकती है।
दिन-रात के तापमान में बड़ा अंतर
प्रदेश के कई शहरों में दिन और रात के तापमान में अच्छा खासा अंतर दर्ज किया गया। इंदौर में यह अंतर 17.9 डिग्री सेल्सियस, भोपाल में 17.5 डिग्री, जबलपुर में 12.8 डिग्री और ग्वालियर में 11.8 डिग्री रहा।मौसम में इस बदलाव के चलते प्रदेश में सुबह और शाम ठंडक बढ़ने लगी है। आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट आने पर गुलाबी ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।