मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन के लिए मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई। कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में प्रत्याशियों के नामों को लेकर अंतिम फैसला नहीं हो पाया। 7 घंटे चली बैठक में करीब 200 सीटों पर सीटवार चर्चा हुई। वहीं अब 5 अक्टूबर को जन आक्रोश यात्रा के बाद फिर से बैठक होगी। माना जा रहा है कि 5 अक्टूबर के बाद ही उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया जाएगा।
ये लोग हुए शामिल
इस बैठक में समिति के अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, सदस्य अजय कुमार लल्लू, सप्तगिरि उलका, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डा.गोविंद सिंह, अरुण यादव, अजय सिंह, सुरेश पचौरी और कांतिलाल भूरिया शामिल हुए। चुनाव अभियान समिति के सह अध्यक्ष जीतू पटवारी भी पहुंचे और उन्होंने भी अपना पक्ष रखा। बैठक में सर्वे और संगठन की रिपोर्ट में जिन विधायकों को टिकट देने की अनुशंसा की गई है, उनके नाम तय किए गए। वहीं, ऐसी सीट जहां एक ही नाम सामने आया है, उसे भी केंद्रीय चुनाव समिति को भेजने पर सहमति दी गई।
बीजेपी ने अब तक तीन सूची जारी की
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी अब तक तीन सूची जारी कर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर चुकी है। लेकिन कांग्रेस ने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा अब तक नहीं की है। स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक को देखते हुए कयास लगाए जा रहे थे कि कांग्रेस मंगलवार को पहली सूची जारी कर सकती है। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ।मौजूदा विधायकों की सीट पर भी चर्चा की गई
बताया जा रहा है कि बैठक में मौजूदा विधायकों की सीट पर भी चर्चा की गई। जिनकी रिपोर्ट सर्वे में खराब है उस पर दोबारा से सर्वे करवाया जाएगा। साथ ही जिस सीट पर एक नाम से ज्यादा पैनल है वहां भी फिर से सर्वे करवाया जाएगा।Read More: सतना में देर रात बड़ा हादसा, 3 मंजिला इमारत ढही, बचाव कार्य जारी