रंगों के पर्व होली को देखते हुए रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। घर लौटकर होली मनाने वालों के साथ-साथ धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी इन ट्रेनों से बड़ी राहत मिलेगी। पश्चिम मध्य रेलवे ने जबलपुर से अयोध्या और दिल्ली के लिए दो विशेष ट्रेनों का संचालन तय किया है।
दोनों ट्रेनें अयोध्या धाम और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन तक दो-दो फेरे लगाएंगी। इनका संचालन 2 से 11 मार्च के बीच सप्ताह में एक-एक दिन किया जाएगा। ट्रेनों की समय-सारिणी जारी कर दी गई है और आरक्षण भी शुरू हो चुका है। बड़ी संख्या में लोग दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में काम करते हैं, जो त्योहार पर घर लौटते हैं। इसके अलावा होली पर मथुरा और वाराणसी जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
यात्रियों को मिलेगी राहत
नियमित ट्रेनों में सीटों की सीमित उपलब्धता के कारण कन्फर्म टिकट मिलना कठिन हो जाता है। ऐसे में इन विशेष ट्रेनों से त्योहार के दौरान अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी। अयोध्या स्पेशल के मिर्जापुर ठहराव से विंध्याचल पहुंचना आसान होगा। साथ ही उत्तर प्रदेश से मैहर स्थित मां शारदा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी।
स्पेशल ट्रेन क्रमांक 01705 जबलपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन से 3 और 10 मार्च को शाम 7:40 बजे रवाना होगी। यह मध्यरात्रि 2:15 बजे प्रयागराज छिवकी, सुबह 7:05 बजे वाराणसी और सुबह 11:25 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन क्रमांक 01706 अयोध्या धाम से 4 और 11 मार्च को दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर शाम 7:10 बजे वाराणसी, रात 9:30 बजे प्रयागराज छिवकी और अगले दिन सुबह 6:45 बजे जबलपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव सिहोरा रोड, कटनी जंक्शन रेलवे स्टेशन, मैहर, सतना, मानिकपुर, मिर्जापुर और जौनपुर में रहेगा। ट्रेन में दो सेकेंड एसी, पांच थर्ड एसी, आठ स्लीपर और दो एसएलआरडी कोच लगाए जाएंगे।
कटनी-झांसी मार्ग से चलेगी दिल्ली स्पेशल
जबलपुर-दिल्ली होली स्पेशल ट्रेन कटनी मुड़वारा, दमोह, सागर, झांसी, ग्वालियर, आगरा, मथुरा और कोशी कला होते हुए संचालित होगी। ट्रेन क्रमांक 01701 2 और 9 मार्च को जबलपुर जंक्शन से रात 8:20 बजे रवाना होगी। अगले दिन सुबह 11:10 बजे मथुरा और दोपहर 2:25 बजे हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन क्रमांक 01702 3 और 10 मार्च को हजरत निजामुद्दीन से अपराह्न 3:45 बजे प्रस्थान करेगी। यह शाम 5:45 बजे मथुरा पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 9:30 बजे जबलपुर पहुंचेगी। 24 कोच वाली इस ट्रेन में चार जनरल, नौ स्लीपर, छह थर्ड एसी, दो सेकेंड एसी और एक फर्स्ट एसी कोच शामिल होंगे।
रीवा-भोपाल-दानापुर के लिए भी स्पेशल ट्रेनें
ट्रेन संख्या 02192/02191 रीवा-रानी कमलापति-रीवा सुपरफास्ट स्पेशल 28 फरवरी को चलेगी।
ट्रेन संख्या 02186/02185 रीवा-रानी कमलापति-रीवा सुपरफास्ट स्पेशल 2 और 3 मार्च को संचालित होगी।
ट्रेन संख्या 01704/01703 भोपाल-रीवा-भोपाल स्पेशल 5 मार्च को दोनों दिशाओं में चलेगी।
ट्रेन संख्या 09821 सोगरिया-दानापुर 28 फरवरी और 7 मार्च को तथा ट्रेन संख्या 09822 दानापुर-सोगरिया 2 और 9 मार्च को संचालित होगी।
ट्रेन संख्या 01667 रानी कमलापति-दानापुर 27 फरवरी और 2 मार्च को तथा ट्रेन संख्या 01668 दानापुर-रानी कमलापति 28 फरवरी और 3 मार्च को चलेगी। इन ट्रेनों का प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।