पन्ना जिले के पवई-अमानगंज मार्ग पर केन नदी स्थित टेढ़ीधार पुल पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। छतरपुर से नागपुर जा रही यात्री बस और डंपर के बीच पुल के बीचो-बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों वाहनों के ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 20 से अधिक यात्रियों को चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुल पर लंबा जाम लग गया। पुलिस एवं डायल 112 की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुल के बीचो-बीच आमने-सामने भिड़ंत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक एमपी 20 जेड डब्ल्यू 2578 छतरपुर से नागपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस टेढ़ीधार पुल पर पहुंची, सामने से आ रहे डंपर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुल पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
मौके पर पहुंची 112, घायलों को अस्पताल भेजा
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अमानगंज स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के कारण पुल के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जबकि दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।
Comments (0)