महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले स्थित कोडार बांध जलाशय में 1 छत्तीसगढ़ नेवल यूनिट एनसीसी, रायपुर की ओर से ‘मोस्ट एंटरप्राइजिंग नेवल यूनिट–2026’ नौकायन अभियान शिविर का शुभारंभ किया गया। 28 अक्टूबर से 6 नवंबर तक चलने वाले इस 10 दिवसीय शिविर में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की विभिन्न नेवल यूनिटों के 60 कैडेट हिस्सा ले रहे हैं।
60 कैडेट ले रहे हिस्सा
शिविर में 35 सीनियर डिवीजन (SD) और 25 सीनियर विंग (SW) के कैडेट शामिल हैं। पहले दिन कैडेटों का पंजीकरण, बायोमेट्रिक प्रक्रिया और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं।
अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
अभियान का शुभारंभ 1 छत्तीसगढ़ नेवल यूनिट एनसीसी, रायपुर के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कमांडर पी. अनिरुद्ध और 3 मध्य प्रदेश नेवल यूनिट एनसीसी, ग्वालियर के कार्यकारी अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर अखिल शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इसके बाद अधिकारियों ने ध्वज दिखाकर नौकायन अभियान को रवाना किया।
कैडेटों को मिलेगा नौसैनिक प्रशिक्षण
10 दिनों तक चलने वाले इस शिविर में कैडेटों को नौकायन, सीमैनशिप, जलकौशल और सुरक्षा प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और साहसिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। शिविर के लिए एनसीसी प्रशिक्षण केंद्र, लखोली को आधार शिविर बनाया गया है।
राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुकी है यूनिट
1 छत्तीसगढ़ नेवल यूनिट एनसीसी, रायपुर ने हाल ही में अखिल भारतीय नौ सैनिक शिविर–2026 में समग्र रूप से प्रथम स्थान हासिल किया था। वहीं, वर्ष 2025 में आयोजित मोस्ट एंटरप्राइजिंग नेवल यूनिट नौकायन अभियान शिविर में यूनिट ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया था।
इन्हीं उपलब्धियों से प्रेरित होकर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य कैडेटों की नौसैनिक दक्षता को और बेहतर बनाना तथा उनमें नेतृत्व, साहस, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की भावना विकसित करना है।