पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (PMJVK) के अंतर्गत भोपाल में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सिम्युलेटरी स्पेस सेंटर की स्थापना का प्रस्ताव केंद्रीय राज्यमंत्री को सौंपा।
पीएमजेवीके योजना के तहत शिक्षा और कौशल विकास
राज्यमंत्री गौर ने बताया कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित पीएमजेवीके योजना अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में शिक्षा, कौशल विकास और आधारभूत संरचना को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं में विज्ञान, तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस सेंटर की स्थापना के लिए प्रतिबद्ध है।
विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान में रुचि विकसित करने का लक्ष्य
गौर ने बताया कि प्रस्तावित सेंटर के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान, खगोल विज्ञान, उपग्रह तकनीक और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान से परिचित कराया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को भविष्य में अंतरिक्ष और तकनीकी क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना और विज्ञान शिक्षा को नई दिशा देना है।
केंद्र सरकार से सहयोग और वित्तीय सहायता का अनुरोध
राज्यमंत्री गौर ने केंद्र सरकार से इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए आवश्यक तकनीकी सहयोग और वित्तीय सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया, ताकि योजना का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में विज्ञान आधारित सशक्त युवा शक्ति तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Comments (0)