मनेन्द्रगढ़ जिले में मंगलवार को एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। जनकपुर से रतनपुर स्थित महामाया मंदिर जा रही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। यह हादसा पोड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नागपुर रेलवे स्टेशन के पास हुआ।बस में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे करीब 54 जोड़े और उनके परिजन सवार थे। दुर्घटना के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और सभी घायल हो गए।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस काफी तेज गति में थी। नागपुर रेलवे स्टेशन के पास पहुंचते ही चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे बस सड़क किनारे बने गड्ढे में उतर गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को बस से बाहर निकाला और राहत कार्य शुरू किया।घायलों को तत्काल नागपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कई जोड़ों को गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद चालक और कंडक्टर फरार
दुर्घटना के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए, जिससे यात्रियों और उनके परिजनों में आक्रोश देखा गया। घटना की सूचना मिलते ही पोड़ी थाना और नागपुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और फरार चालक व कंडक्टर की तलाश की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
Comments (0)