बिलासपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर दौरे पर रहेंगे। वे आज शाम करीब 4 बजे बिलासपुर पहुंचेंगे। इसके बाद कोनी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में शाम 7 से 8 बजे तक बौद्धिक वर्ग को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, भाजपा और अन्य आनुषंगिक संगठनों से जुड़े लोगों के शामिल होने की जानकारी है। दौरे को लेकर संघ के पदाधिकारी और जिला प्रशासन तैयारियों में जुटे हैं।
गोंडवाना एक्सप्रेस से बिलासपुर पहुंचेंगे मोहन भागवत
डॉ. मोहन भागवत नागपुर से गोंडवाना एक्सप्रेस के जरिए बिलासपुर पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे कोनी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर जाएंगे। शाम 7 से 8 बजे तक आयोजित बौद्धिक वर्ग में वे देश और समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी बात रखेंगे। इसके साथ ही संगठन के कार्यकर्ताओं को भविष्य की दिशा को लेकर मार्गदर्शन दे सकते हैं।
दौरे को लेकर सुरक्षा के विशेष इंतजाम
RSS प्रमुख के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। सरस्वती शिशु मंदिर परिसर के साथ आसपास के इलाकों में भी सतर्कता बढ़ाई गई है। रेलवे स्टेशन परिसर में भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।
युवाओं को संगठन से जोड़ने पर रह सकता है जोर
डॉ. मोहन भागवत के कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी और सामाजिक गतिविधियों में उनकी भूमिका पर चर्चा होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि RSS 40 वर्ष से कम उम्र के लोगों को संगठन से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियों पर जोर दे रहा है। इसी संदर्भ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) से जुड़े युवाओं को भी मार्गदर्शन दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
23 अक्टूबर को होगी प्रांत कार्यकारिणी की बैठक
मोहन भागवत के दौरे के दूसरे दिन, यानी 23 अक्टूबर को प्रांत कार्यकारिणी की बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक को लेकर संगठनात्मक स्तर पर चर्चाएं तेज हैं।