जबलपुर: जबलपुर जिले में प्रतिमा विसर्जन के दौरान करंट लगने से बड़ा हादसा हो गया। मझौली थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात करीब 1 बजे हुए इस हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग झुलस गए। घायलों को पहले मझौली स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन पाठ की प्रतिमा को नरीली तालाब में विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा था। प्रतिमा के साथ 50 से अधिक लोग मौजूद थे। जुलूस जब सिविल लाइन के पास पहुंचा, तभी बिजली के तार को ऊपर उठाने के दौरान हादसा हो गया।बताया जा रहा है कि 440 वोल्ट के तार को ऊपर उठाया गया था, जो हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। इसके बाद करंट फैल गया और तार टूटकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गिर गया। इसकी चपेट में आने से कई लोग झुलस गए।
दो युवकों की मौके पर मौत, तीसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे में ट्रैक्टर पर बैठे विकास राजपूत (22) और प्रिंस चौहान (23) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीसरे युवक ने गुरुवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
कई लोग गंभीर रूप से घायल, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
इस घटना में मयंक राजपूत, विक्की रैकवार, मनीष राजपूत और आयुष रैकवार समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को शुरुआती उपचार के लिए मझौली स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।हादसे में 10 से ज्यादा लोगों के झुलसने की जानकारी सामने आई है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मझौली थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। गंभीर रूप से घायल लोगों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया।