मध्यप्रदेश के 1 करोड़ 32 लाख लोगों को अब बिना किसी परेशानी के राशन मिलेगा। पिछले 5 दिन से 28 हजार से अधिक राशन दुकानों की बायोमेट्रिक (PoS) मशीनें सर्वर डाउन होने के कारण काम नहीं कर रही थीं। इस वजह से लोगों को राशन नहीं मिल पा रहा था। तकनीकी समस्या को दूर कर दिया गया।
5 दिन से सर्वर डाउन रहा
राशन दुकानों पर विजन टेक कंपनी द्वारा लगाई गई बायोमेट्रिक मशीन में अंगूठा लगाकर ही राशन मिलता है। पिछले कुछ दिनों से इसी मशीन में तकनीकी दिक्कतें आ रही थीं, जिससे राशन वितरण प्रभावित हो रहा था। पिछले 5 दिन से सर्वर में समस्या थी। वहीं, मशीनों का अपग्रेड और सॉफ्टवेयर अपडेट किया जा रहा था। यह तकनीकी समस्या दूर कर दी गई और नियमित रूप से बिना किसी बाधा के राशन वितरण किया जाएगा।
भोपाल में 502 दुकानें, 3.50 लाख लाभार्थी
राशन योजना के तहत मध्य प्रदेश के 1 करोड़ 32 लाख 45 हजार 841 लोग आते हैं। इन्हें 28 हजार 70 राशन दुकानों से राशन वितरित किया जाता है। भोपाल में 502 दुकानें हैं, जहां से लगभग 3.50 लाख लोगों को राशन मिलता है।