मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन अब प्रतिभाओं की खोज के लिए विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है। पार्टी को म्यूजिशियन, सिंगर, कंपोजर, लेखक और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में दक्ष कलाकारों की आवश्यकता है। हालांकि इस टैलेंट हंट के लिए कुछ अलग और खास शर्तें तय की गई हैं। टिकट की दावेदारी करने वालों को इस प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा। साथ ही चयन उन्हीं का होगा, जिनका जुड़ाव पार्टी से दिल से हो। प्राप्त आवेदनों की पहले जांच-पड़ताल की जाएगी, इसके बाद योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति की जाएगी।
संजय कामले ने एक आदेश जारी किया
इस संबंध में एमपी कांग्रेस के संगठन महामंत्री संजय कामले ने एक आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े वे साथी, जो चुनावी राजनीति से अलग रहकर संगठनात्मक कार्य में रुचि रखते हैं और जिले या प्रदेश स्तर पर समय दे सकते हैं, उनका स्वागत है।
आयु वर्ग के योग्य साथियों का स्वागत किया गया
रचनात्मक और साहित्यिक गतिविधियों के तहत ऐसे साथियों को आमंत्रित किया गया है जो गीत गायन, वाद्य यंत्र बजाने, विभिन्न विषयों पर लेखन, कविता, मुहावरे, शायरी, नारे लेखन और कार्यक्रम संचालन जैसी विधाओं में दक्ष हों। इच्छुक उम्मीदवार अपने व्यक्तिगत विवरण के साथ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र जोशी और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के प्रभारी ललित सेन से संपर्क कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 5 फरवरी 2026 तय की गई है। सभी आयु वर्ग के योग्य साथियों का स्वागत किया गया है।
Comments (0)