मध्य प्रदेश में पुलिस भर्ती को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। आरक्षक भर्ती के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा 23 फरवरी से आयोजित की जाएगी। यह फिजिकल टेस्ट प्रदेश के 10 जिलों—भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर, रीवा, बालाघाट, रतलाम और मुरैना—में कराया जाएगा। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आरक्षक जीडी के कुल 7500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चलाई जा रही है। इसके लिए ऑनलाइन लिखित परीक्षा 30 अक्टूबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 तक आयोजित हुई थी, जिसका परिणाम 25 जनवरी 2026 को घोषित किया गया।
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब अगले चरण के रूप में शारीरिक दक्षता परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन से गुजरना होगा। फिजिकल टेस्ट के दौरान उम्मीदवारों की 800 मीटर दौड़, लंबी कूद और गोला फेंक की परीक्षा ली जाएगी। यह प्रक्रिया 23 फरवरी से 13 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से शुरू होगी।
चयन प्रक्रिया
पुलिस भर्ती में पहले लिखित परीक्षा, इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा और अंत में दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। लिखित परीक्षा का स्तर हाई स्कूल योग्यता पर आधारित रहेगा।
वेतनमान
चयनित उम्मीदवारों को पुलिस विभाग में आरक्षक (कॉन्स्टेबल) के पद पर नियुक्त किया जाएगा। इस पद के लिए वेतनमान 19,500 रुपये से 62,000 रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है।