मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) द्वारा आयोजित प्राथमिक शिक्षक (वर्ग-3) चयन परीक्षा-2025 और आबकारी आरक्षक भर्ती-2024 के परिणाम अब तक घोषित नहीं होने से हजारों अभ्यर्थी परेशान हैं। वर्ग-3 की परीक्षा को चार माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद परिणाम न आने से अभ्यर्थियों में निराशा बढ़ गई है। प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा-2025 का आयोजन 9 से 13 अक्टूबर 2025 के बीच किया गया था।
ईएसबी की आगामी परीक्षाएं
इस परीक्षा के माध्यम से 13,129 पदों पर भर्ती होनी है, जिसके लिए कुल 1,10,745 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। ईएसबी ने बताया कि माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा जुलाई-अगस्त में आयोजित की जाएगी।
आरक्षक भर्ती का परिणाम जारी
प्राथमिक शिक्षक परीक्षा के बाद आयोजित पुलिस आरक्षक भर्ती-2025 के पहले चरण का परिणाम 25 जनवरी को घोषित कर दिया गया। पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 30 अक्टूबर से 15 दिसंबर 2025 के बीच आयोजित की गई थी। ऐसे में अभ्यर्थियों का सवाल है कि जब बाद में हुई परीक्षा का परिणाम जारी किया जा सकता है, तो पहले आयोजित प्राथमिक शिक्षक भर्ती का रिजल्ट क्यों नहीं जारी किया गया।
आबकारी आरक्षक भर्ती परिणाम भी लंबित
इसी तरह आबकारी विभाग के 248 पदों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा भी अभ्यर्थियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा 9 से 21 सितंबर 2025 के बीच आयोजित हुई थी, लेकिन चार माह से अधिक समय बीतने के बावजूद अब तक इसका परिणाम घोषित नहीं किया गया है।
Comments (0)