सिंगरौली जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। एक सनकी युवक ने महिला और पुरुष की हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य लोग भी घायल हो गए।मामला अतरवा गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच 21 वर्षीय आरोपी छत्रपति सिंह ने पड़ोस में रहने वाली 50 वर्षीय फूल कुमारी सिंह और 65 वर्षीय केमला सिंह समेत अन्य लोगों को पूजा के लिए अपने घर बुलाया था।इसी दौरान उसने अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जादू-टोने का था शक
बताया जा रहा है कि आरोपी की शादी तीन वर्ष पहले हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती थी, लेकिन गर्भ में ही बच्चे की मौत हो गई थी। आरोपी को शक था कि उक्त महिला और पुरुष ने उस पर जादू-टोना किया है। इसी अंधविश्वास के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बीच-बचाव करने वालों पर भी हमला
घटना के दौरान सुमित्रा सिंह और रामभजन सिंह जब बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मौके से पूजा सामग्री बरामद
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोपी छत्रपति सिंह के आंगन में दो लोगों के शव पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में हत्या जादू-टोने के शक में की गई प्रतीत हो रही है।
घटनास्थल से नारियल सहित पूजा से जुड़ी अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। एफएसएल और तकनीकी टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
Comments (0)