मध्यप्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत दिखाई दे रहे हैं।मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के 28 जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। मुरैना सहित आठ जिलों में गरज-चमक के साथ ओले गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं सात जिलों में गरज-चमक के साथ घना कोहरा छाए रहने का अलर्ट है।
जानें कहां कैसा रहेगा मौसम?
मुरैना जिले में ओलावृष्टि के साथ घने कोहरे और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है।
राजगढ़, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, शिवपुरी और श्योपुरकलां जिलों में कुछ स्थानों पर ओले गिरने की संभावना है।
ग्वालियर, दतिया, भिंड, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में दृश्यता कम रह सकती है और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी।
विदिशा, रतलाम, उज्जैन, अशोकनगर, रीवा, सतना, दमोह और सागर के साथ मैहर, कटनी और सिंगरौली जिलों में हल्की बारिश या बौछारें पड़ने के आसार हैं।
भोपाल, ग्वालियर और चंबल में बढ़ा तापमान
पिछले कुछ घंटों में भोपाल, ग्वालियर और चंबल संभागों में दिन के तापमान में औसतन 2.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं उज्जैन और चंबल संभागों में रात का तापमान सामान्य से लगभग 5.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस दौरान उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश भी रिकॉर्ड की गई है।
Comments (0)