पन्ना। सामाजिक न्याय एवं नशा मुक्त जनकल्याण द्वारा प्रायोजित तथा श्रीराम शिक्षा प्रसार एवं ग्रामीण विकास समाज उत्थान समिति के तत्वावधान में 28, 29 एवं 30 जनवरी 2026 को जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में नशा निषेध संकल्प दिवस के अंतर्गत विविध जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में 28 जनवरी 2026 को कृषि महाविद्यालय, पन्ना में नशा निषेध दिवस उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशा-मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
कार्यक्रम के दौरान चित्रकला, निबंध लेखन, वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि महाविद्यालय, पन्ना के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों ने अपने विचारों, रचनात्मकता और तर्कशक्ति के माध्यम से नशा विरोधी संदेश को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।
नशा-मुक्त समाज के लिए दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के समापन अवसर पर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं महाविद्यालय स्टाफ को नशा न करने की शपथ दिलाई। वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए घातक है और इसके कारण पारिवारिक कलह, आर्थिक तंगी तथा सामाजिक अपराधों में वृद्धि होती है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को विशेष रूप से नशे से दूर रहने एवं समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। समिति ने ग्रामीण क्षेत्रों में नशा-मुक्ति अभियान को और अधिक तेज़ करने का संकल्प भी लिया।
Comments (0)