पन्ना में बाघिन का आतंक बढ़ता जा रहा है। पन्ना टाइगर रिजर्व के बफर जोन से लगे मखरा गांव में गाय का शिकार होने के बाद ग्रामीणों में डर और बेचैनी का माहौल है।
Panna Tiger Reserve के बफर जोन में बाघिन की मौजूदगी, ड्रोन कैमरों से निगरानी
पन्ना (मध्यप्रदेश)। पन्ना टाइगर रिजर्व (Panna Tiger Reserve) से सटे मखरा गांव में बाघिन के आतंक से ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई है। शनिवार रात बाघिन द्वारा एक गाय का शिकार किए जाने के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। घटना के बाद से ग्रामीण अपने घरों में रहने को मजबूर हैं।
नाले के पास दिखी बाघिन, ग्रामीणों में मचा हड़कंप
रविवार सुबह जब गांव के लोग नाले के पास पहुंचे तो वहां गाय के अवशेष पड़े मिले। प्रत्यक्षदर्शी नारायण कुशवाहा ने बताया कि उन्होंने बाघिन को सामने देखा, जिसके बाद इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना की सूचना तेजी से पूरे गांव में फैल गई, जिससे लोग सहमे हुए हैं।
वन विभाग अलर्ट, ड्रोन कैमरों से सर्च ऑपरेशन
बाघिन की सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आ गया। परिक्षेत्र अधिकारी अजय बाजपेई के नेतृत्व में टीम द्वारा ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से नाइट विजन कैमरे भी लगाए गए हैं ताकि बाघिन की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके।
ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह
वन विभाग ने मखरा गांव और आसपास के रानीपुर क्षेत्र के ग्रामीणों को सख्त निर्देश दिए हैं कि कोई भी व्यक्ति अकेले नाले या जंगल की ओर न जाए। आवश्यक कार्य होने पर समूह में ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है। फिलहाल बाघिन की मौजूदगी के चलते क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Comments (0)