पन्ना की सड़कों पर बिना हेलमेट सवारी करने वालों को अब सीधे यमराज का सामना करना पड़ सकता है। सड़क सुरक्षा माह के तहत पन्ना पुलिस ने एक अनोखी रैली निकाली, जिसमें नियम तोड़ने वालों को डराने के लिए यमराज सड़कों पर उतरे। इस पहल से न केवल लोगों में जागरूकता बढ़ी, बल्कि सड़क हादसों से बचने का संदेश भी मजबूत हुआ।
यमराज की सड़कों पर एंट्री
पुलिस कप्तान निवेदिता नायडू के मार्गदर्शन में शहर के चौराहों पर अचानक यमराज प्रकट हुए। कलाकार मोहन लाल जड़िया ने यमराज के वेश में लोगों को समझाया कि हेलमेट न पहनना, मोबाइल पर बात करना या ओवरस्पीडिंग करना सीधे 'यमलोक' का टिकट कटवाने जैसा है।
नियम तोड़ने वालों के पसीने छूटे
पुलिस ने नियम तोड़ने वालों को चेतावनी दी कि हेलमेट न पहनने पर यमराज उन्हें भैंसे पर बैठाकर ले जा सकते हैं। इस अनोखी पहल ने शहर में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ा दी और लोगों को अपनी सुरक्षा का महत्व समझाया।
मददगार बनो और बनो लखपति
यातायात प्रभारी नीलम लक्षकार ने बताया कि हादसे में घायलों की मदद करने वाले 'राहवीर' अब पुरस्कार के पात्र हैं। गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुँचाने पर ₹25,000 और देश के टॉप 10 मददगारों में शामिल होने पर ₹1 लाख का इनाम। मददगारों को पुलिस या कोर्ट की चक्करों से पूरी आजादी मिलेगी।
Comments (0)