एक प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ के बुधवार रात से उत्तर-पश्चिमी भारत में सक्रिय होने के चलते प्रदेश के मौसम में बदलाव के आसार हैं। इसके प्रभाव से प्रदेश में बादल छाने की संभावना जताई गई है। रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने से फिलहाल कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। मंगलवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस मंदसौर में दर्ज किया गया, जबकि ग्वालियर में हल्का कोहरा देखने को मिला। वहीं दिन का सर्वाधिक तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस खरगोन में रिकॉर्ड हुआ।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल प्रदेश और उसके आसपास द्रोणिका के रूप में सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में हवा के ऊपरी स्तर पर चक्रवात बना हुआ है। उत्तर भारत के ऊपर लगभग 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 241 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। बुधवार रात से एक नया और प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।
प्रदेश के कई जिलों में बादल छा सकते हैं, मध्यम से घना कोहरे का अलर्ट
पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार से प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छा सकते हैं। इसके साथ ही उत्तरी और उत्तर-पूर्वी जिलों में मध्यम से घने कोहरे की स्थिति बन सकती है। बादलों की मौजूदगी से न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी संभव है, हालांकि दिन के तापमान में हल्की गिरावट भी दर्ज की जा सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के बाद एक बार फिर रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
ग्वालियर अंचल में बदल रहा मौसम
जम्मू-कश्मीर में सक्रिय कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण फिलहाल ग्वालियर अंचल में ठंड का असर अपेक्षाकृत कम है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक बनी हुई है, जबकि दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को सर्दी से राहत मिल रही है। मंगलवार को भी धूप तेज रहने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी और न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई।मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तीव्र पश्चिमी विक्षोभों की एक श्रृंखला सक्रिय हो सकती है, जिसके तहत बुधवार को एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी होगा। इसके असर से अगले 24 घंटों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और ठंड में हल्का इजाफा हो सकता है।स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक मंगलवार को अधिकतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.0 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री की गिरावट के साथ 10.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Comments (0)