रीवा। रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित प्रसिद्ध पुरवा वाटरफॉल पर गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवती वाटरफॉल की डेड लाइन पार कर गहरी खाई के मुहाने पर जा खड़ी हुई। नीचे मौत का सन्नाटा और ऊपर खौफ का मंजर—हर पल दिल दहला देने वाला था। युवती किसी भी कीमत पर छलांग लगाने की जिद पर अड़ी थी। मौके पर मौजूद सैलानियों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे बातचीत में उलझाए रखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेमरिया थाना प्रभारी विकास कपीस अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को संभालते हुए युवती से लगातार संवाद बनाए रखा। करीब ढाई से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत, समझाइश, भावनात्मक अपील और संवेदनशीलता के बाद आखिरकार पुलिस युवती को मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रही। इस साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन की हर तरफ सराहना हो रही है।
Comments (0)