दिल्ली। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को मज़बूत करने के उद्देश्य से पार्टी ने सभी जिलाध्यक्षों की विशेष ट्रेनिंग आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेनिंग 10 फरवरी को दिल्ली में आयोजित की जाएगी, जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी जिलाध्यक्षों को मार्गदर्शन देंगे। इस दौरान कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद रहेंगे।
इस ट्रेनिंग में छत्तीसगढ़ के 41 जिला कांग्रेस अध्यक्ष शामिल होंगे। पार्टी की ओर से सभी जिलाध्यक्षों को ट्रेनिंग को लेकर आधिकारिक पत्र भी भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि पहले यह ट्रेनिंग छत्तीसगढ़ में तीन दिनों तक आयोजित की जानी थी, लेकिन कार्यक्रम में बदलाव करते हुए अब इसे एक दिवसीय ट्रेनिंग के रूप में दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, इस ट्रेनिंग में संगठनात्मक मजबूती, आगामी चुनावों की रणनीति, जमीनी स्तर पर पार्टी को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। राहुल गांधी जिलाध्यक्षों को संगठन और जनसंपर्क को लेकर अहम टिप्स देंगे।
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि इस तरह की ट्रेनिंग से जिलाध्यक्षों की भूमिका और अधिक प्रभावी होगी और पार्टी को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सकेगा।
Comments (0)