रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा बड़ा प्रशासनिक फैसला सामने आया है। नकली दवा कारोबार के आरोपी से मुलाकात के आरोप में एडिशनल ड्रग कंट्रोलर (ADC) संजय नेताम को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई आरोपी के साथ उनकी कथित बैठक के स्टिंग ऑपरेशन सामने आने के बाद की गई।
जानकारी के अनुसार, एडीसी संजय नेताम ने नकली दवा कारोबार के आरोपी खेमराम बानी से एक रेस्टोरेंट में मुलाकात की थी। इस मुलाकात का स्टिंग ऑपरेशन हुआ, जिसमें दोनों की बैठक उजागर हुई। मामला सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर जांच शुरू की गई और प्रथम दृष्टया तथ्यों के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि जिस समय एडीसी और आरोपी की मुलाकात हो रही थी, उस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राखी सिंह ठाकुर भी मौके पर मौजूद थीं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद राखी सिंह ठाकुर को जशपुर भेज दिया गया है।
हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मुलाकात किस उद्देश्य से की गई थी और इसमें क्या बातचीत हुई। विभागीय जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।
इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति है। नकली दवाओं के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच एक वरिष्ठ अधिकारी का इस तरह विवादों में आना कई सवाल खड़े कर रहा है।
फिलहाल, सरकार और विभाग की ओर से इस मामले में विस्तृत जांच के संकेत दिए गए हैं। आने वाले दिनों में जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
Comments (0)