रायपुर। राजधानी रायपुर में बंद फैक्ट्री को निशाना बनाकर डकैती करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कबीर नगर थाना क्षेत्र के हीरापुर स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में चौकीदार को बंधक बनाकर लाखों रुपये का सामान लूटने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 17 लाख रुपये का सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किए गए हैं। हालांकि, घटना में शामिल अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
चौकीदार को बंधक बनाकर लूटे कीमती सामान
पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर की रात करीब डेढ़ बजे मुंह पर कपड़ा बांधे 7 से 8 बदमाश अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में घुसे। इस दौरान बदमाशों ने चौकीदार को निशाना बनाया। विरोध करने पर उसके दोनों हाथ रस्सी से बांध दिए और फैक्ट्री कार्यालय में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। आरोपी एलुमिनियम वायर, कॉपर क्वाइल, प्लेट, पैनल कार्ड समेत अन्य सामान लूटकर फरार हो गए।
वारदात से पहले एक सप्ताह तक की रेकी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले करीब एक सप्ताह तक फैक्ट्री की रेकी की थी। इसके बाद सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के हजारों फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
तीन आरोपी गिरफ्तार, वाहन और औजार जब्त
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदीप नेताम, अजीत भारती और उमेन्द्र ठाकुर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 17 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल टाटा एस वाहन, स्कूटी, कटर मशीन और ड्रिल मशीन भी जब्त की गई हैं।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
इस डकैती में 7 से 8 बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।