रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शनिवार–रविवार की दरम्यानी रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने तीन दुकानों के ताले और छप्पर तोड़कर गल्लों में रखी करीब 7 लाख रुपये से अधिक की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, चोर मुंह में कपड़ा बांधकर दुकानों में घुसे थे, जिससे उनकी पहचान करना फिलहाल मुश्किल हो रहा है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
कपड़े की दुकान से 2.75 लाख की चोरी
पीड़ित दुकानदार ने बताया कि सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित “लब-डब” नामक कपड़े की दुकान को वह रोजाना की तरह रात करीब 10 बजे बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह करीब 10 बजे जब दुकान खोली तो गल्ले का दराज खुला मिला और उसमें रखी करीब 2 लाख 75 हजार रुपये की नकदी गायब थी।
फर्नीचर और हार्डवेयर दुकान भी निशाने पर
इसी तरह पास ही स्थित “नोवा फर्नीचर” दुकान के छप्पर को तोड़कर चोरों ने गल्ले में रखे करीब 1 लाख 40 हजार रुपये चोरी कर लिए। वहीं तीसरी वारदात डिजाइनर सेनिटेशन और हार्डवेयर दुकान में हुई, जहां छप्पर तोड़कर घुसे चोर करीब 2 लाख 85 हजार रुपये नकद ले उड़े।
पुलिस जांच में जुटी
तीनों दुकानों से कुल मिलाकर करीब 7 लाख रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है। पीड़ित कारोबारियों की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी। घटना के बाद से इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और उन्होंने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
Comments (0)