रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने गांजे के एक बड़े अंतर्राज्यीय तस्करी सिंडिकेट का खुलासा किया है। क्राइम ब्रांच की कार्रवाई में कुल 14 गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 2 नाबालिग, महिला और पुरुष आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 60 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के निवासी हैं, जो रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में किराए के मकान में गांजा डंप कर रहे थे। तस्कर ट्रेन के माध्यम से उड़ीसा से गांजा लाकर रायपुर में स्टॉक करते थे और फिर यहां से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत अन्य राज्यों में सप्लाई करते थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि तस्कर पुलिस से बचने के लिए महिलाओं के साथ परिवार बनाकर उड़ीसा से गांजा लेकर आते थे, ताकि किसी को शक न हो। यह पूरा तस्करी नेटवर्क मुकेश बनिया के संरक्षण में संचालित हो रहा था। पुलिस ने बनिया गैंग के दो शातिर तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।
इस कार्रवाई का खुलासा डीसीपी क्राइम द्वारा किया गया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन की जानकारी जुटा रही है।
Comments (0)