रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र के लाभांडी स्थित BSUP कॉलोनी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान पुनेश यादव के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, FSL और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची।
घर के नीचे संदिग्ध हालत में मिला शव
जानकारी के मुताबिक, पुनेश यादव का शव उसके घर के नीचे संदिग्ध अवस्था में मिला। घटना की सूचना पर तेलीबांधा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
पत्नी से विवाद की भी जांच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी किसी अन्य के घर सोने चली गई थी। हालांकि, इस घटनाक्रम का पुनेश यादव की मौत से कोई संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम और FSL रिपोर्ट का इंतजार
रायपुर कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन के डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम और FSL की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मौत के पीछे की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं हुई है।