रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन लोन के जरिए ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुदित पांडे उर्फ क्रिस पवार के रूप में हुई है, जिसे मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा से गिरफ्तार किया गया। यह मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी एमजी रोड इलाके के छोटे दुकानदारों से पहले दोस्ती करता था। भरोसा जीतने के बाद वह उनके मोबाइल फोन लेकर ऑनलाइन लोन ऐप्स के माध्यम से लोन अप्लाई करता और रकम निकलवा लेता था। इस तरह आरोपी ने 4 से 5 कारोबारियों को निशाना बनाते हुए 4 लाख रुपये से अधिक की ठगी की।
आरोपी लोन की रकम सीधे अपने पार्टनर के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर करवा देता था। शुरुआती दौर में वह खुद किश्तें भरता रहा, जिससे पीड़ितों को किसी तरह का संदेह न हो। लेकिन बाद में जब किश्तें बाउंस होने लगीं, तब कारोबारियों को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच में सामने आया है कि आरोपी सिर्फ 10वीं तक पढ़ा-लिखा है, लेकिन उसे ऑनलाइन लोन प्रक्रिया और डिजिटल ट्रांजैक्शन की अच्छी जानकारी थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे छिंदवाड़ा से गिरफ्तार किया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस ठगी के नेटवर्क में कोई और व्यक्ति तो शामिल नहीं है।
Comments (0)