रायपुर। नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए रायपुर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 20 किलो 300 ग्राम गांजा जब्त किया है। मामले में उत्तर प्रदेश के अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर हिमांशु केशरवानी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को लालपुर ओवरब्रिज के नीचे केनाल रोड से पकड़ा। तलाशी के दौरान गांजा तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 7 लाख 55 हजार रुपये बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अंतर्राज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
Comments (0)