रायपुर। दुष्कर्म कर पीड़िता को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये की उगाही करने वाले आरोपी को पंडरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने विवाह का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसे ब्लैकमेल कर बड़ी रकम वसूली।
पीड़िता ने थाना पंडरी में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह वर्ष 2019 से 2025 तक रिलायंस स्टोर में कार्यरत थी, जहां आरोपी नित्या बरिहा भी उसके साथ काम करता था। इसी दौरान आरोपी ने उससे नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का झांसा देकर मोवा–पंडरी क्षेत्र स्थित किराए के मकान में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने पैसों की जरूरत बताकर 18 जनवरी 2025 को उससे ऑनलाइन 52,000 रुपये लिए। जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो बनाने की बात कहकर वीडियो वायरल करने की धमकी दी और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
आरोपी ने पीड़िता से ऑनलाइन और नकद माध्यम से कुल 3 लाख 67 हजार रुपये की उगाही की। पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 02/2026 के तहत धारा 69 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Comments (0)