रायपुर। राजधानी रायपुर के एक सरकारी स्कूल के क्लासरूम के अंदर छात्रों द्वारा चाकू लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद न केवल छात्रों और अभिभावकों में दहशत का माहौल है, बल्कि स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वायरल वीडियो मोवा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तीन नाबालिग छात्र क्लासरूम के भीतर धारदार चाकू हाथ में लेकर मस्ती करते हुए अपना रौब दिखा रहे हैं। इस दौरान कक्षा में मौजूद अन्य छात्र भय के कारण चुपचाप बैठे नजर आ रहे हैं और किसी प्रकार का विरोध नहीं कर पा रहे हैं।
मामला सामने आने के बाद पंडरी थाना पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने तीनों नाबालिग छात्रों को पकड़कर पूछताछ की और उन्हें कड़ी समझाइश दी। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस घटना में एक बालिग युवक सुशील प्रधान (उम्र 19 वर्ष) की संलिप्तता पाई गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस घटना ने स्कूलों में छात्रों की निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन को लेकर एक बार फिर प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। अभिभावकों ने स्कूल परिसरों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
Comments (0)