रायपुर। राजधानी रायपुर से बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। तंजानिया में सोने की खदान में निवेश और मोटे मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगा है। इस संबंध में रायपुर निवासी समर्थ बरडिया और मुकुल चोपड़ा ने यश शाह नामक युवक के खिलाफ पुलिस अधीक्षक कार्यालय और सिविल लाइंस थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, आरोपी यश शाह ने खुद को तंजानिया गणराज्य में गोल्ड माइन का मालिक बताते हुए पीड़ितों को निवेश का प्रस्ताव दिया। इसके बाद एस.के.एम. बुलियन ट्रेडिंग लिमिटेड के नाम से एक भागीदारी फर्म बनाई गई और भारत व तंजानिया स्थित बैंक खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर कराई गई।
पीड़ितों का आरोप है कि रकम मिलने के बाद न तो किसी प्रकार का खनन कार्य शुरू हुआ और न ही निवेश से जुड़ी कोई ठोस जानकारी साझा की गई। बाद में यह भी सामने आया कि तंजानिया के कानून के तहत विदेशी नागरिकों को गोल्ड माइन के स्वामित्व या उसमें प्रत्यक्ष भागीदारी की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद कूटरचित दस्तावेज दिखाकर निवेश कराया गया।
इतना ही नहीं, पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि फर्म के तंजानिया स्थित बैंक खाते से 70 हजार अमेरिकी डॉलर बिना उनकी जानकारी के निकाल लिए गए। मामले को पीड़ितों ने सुनियोजित षड्यंत्र, धोखाधड़ी और अमानत में खयानत बताया है।
सिविल लाइंस पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)