शहडोल जिले के जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र में करंट लगने से रविवार, 1 फरवरी की रात एक नर और एक मादा बाघ की मौत हो गई। करपा बीट क्षेत्र में हुई इस घटना से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले की जांच वन विभाग ने तुरंत शुरू कर दी है।वन विभाग को रविवार, 1 फरवरी की रात सर्किल मसिरा के RF 382 क्षेत्र के पास एक बाघ का शव मिलने की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में सोमवार, 2 फरवरी की तड़के उसी क्षेत्र में एक बाघिन का शव भी बरामद हुआ। दोनों शव राजस्व क्षेत्र में केवल 200 मीटर के दायरे में पाए गए, जिससे स्पष्ट हुआ कि उनकी मौत एक ही घटना में हुई।
किसान ने फसल बचाने के लिए बिछाया करंट
प्रारंभिक जांच और मौके से मिले सबूतों के आधार पर यह पुष्टि हुई है कि दोनों बाघों की मौत बिजली के करंट से हुई। जांच में सामने आया कि एक किसान ने अपनी फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत में अवैध रूप से बिजली का तार बिछाया था। इसी तार की चपेट में आने से दोनों बाघों की जान चली गई।
जांच सभी एंगल से जारी
DFO ने बताया कि दो बाघों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। नियमानुसार पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।वन विभाग की डॉग स्क्वॉड टीम, फील्ड स्टाफ और अन्य विशेषज्ञ टीम क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चला रही है। संबंधित किसान की भूमिका की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)