सुकमा जिला मुख्यालय में शुक्रवार को कुल 8 लाख रुपये के इनामी चार माओवादियों ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने वालों में एसीएम रैंक के माओवादी शामिल हैं, जिनमें दो महिला माओवादी भी हैं।इस दौरान माओवादियों द्वारा SLR, INSAS, .303 और .315 रायफल सहित भारी मात्रा में एम्युनेशन पुलिस को सौंपा गया। आत्मसमर्पण करने वाले सभी माओवादी गोलापल्ली, कोंटा और किस्टाराम क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय थे।
गोलापल्ली, कोंटा और किस्टाराम क्षेत्र में थे सक्रिय
यह आत्मसमर्पण सुकमा पुलिस और अल्लूरी सीताराम राजू (आंध्र प्रदेश) पुलिस के संयुक्त प्रयासों का परिणाम बताया जा रहा है। पूरी कार्रवाई राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “पूना मारगेम – पुनर्वास से पुनर्जीवन” के तहत की गई, जिसका उद्देश्य हिंसा का रास्ता छोड़ने वाले माओवादियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। इस मौके पर पुलिस और प्रशासन ने अन्य नक्सलियों से भी अपील की कि वे हथियार डालकर आत्मसमर्पण करें और सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाकर सामान्य और शांतिपूर्ण जीवन की ओर लौटें।
Comments (0)