सुकमा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित बस्तर प्रवास से पहले नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में एक बड़ी सफलता सामने आई है। जिले में सक्रिय 21 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। आत्मसमर्पण करने वाले इन नक्सलियों पर कुल ₹76 लाख का इनाम घोषित था।
सरेंडर के दौरान नक्सलियों ने SLR, AK-47, BGL लॉन्चर सहित अन्य ऑटोमेटिक हथियार भी सुरक्षाबलों को सौंपे। बताया जा रहा है कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली कई बड़ी और हिंसक नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं।
यह आत्मसमर्पण बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज, सुकमा एसपी किरण चव्हाण एवं सीआरपीएफ डीआईजी आनंद सिंह राजपुरोहित की उपस्थिति में कराया गया। अधिकारियों ने इसे नक्सल उन्मूलन अभियान की बड़ी कामयाबी बताया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सरकार की नक्सल पुनर्वास नीति, लगातार दबाव, और विकास कार्यों के चलते नक्सली मुख्यधारा में लौटने को मजबूर हो रहे हैं। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को शासन की नीति के तहत पुनर्वास, आर्थिक सहायता और सुरक्षा प्रदान की जाएगी।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह सरेंडर न केवल सुकमा बल्कि पूरे बस्तर संभाग में नक्सल नेटवर्क के लिए बड़ा झटका है और आने वाले समय में और भी नक्सली आत्मसमर्पण कर सकते हैं।
Comments (0)