शिवपुरी जिला मुख्यालय से तहसीलों तक उग्र प्रदर्शन
शिवपुरी जिला मुख्यालय के साथ-साथ करेरा, बदरवास और अन्य तहसीलों में भी विरोध प्रदर्शन उग्र रहा। प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी कानून को “काला कानून” बताते हुए भाजपा के बजट कार्यक्रमों का घेराव किया। कई स्थानों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कार्यक्रम बीच में ही रद्द करने पड़े।
करेरा में मंच पर कब्जा, प्रदेश उपाध्यक्ष को निकाला गया पीछे के रास्ते से
करेरा कस्बे में पुलिस सहायता केंद्र के पास आयोजित भाजपा के बजट कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत मौजूद थे। बजट प्रस्तुति के दौरान ही प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए मंच पर चढ़ गए, एलसीडी बंद कराई और कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं।सुरक्षा कारणों से रणवीर सिंह रावत को पीछे के रास्ते से कार्यक्रम स्थल से बाहर निकाला गया, जिसके बाद कार्यक्रम तत्काल रद्द कर दिया गया।
नेताओं को छोड़ना पड़ा मंच, कई जगह कार्यक्रम रद्द
शिवपुरी जिला मुख्यालय में भी इसी तरह की स्थिति बनी। प्रदर्शनकारियों ने बजट कार्यक्रम को घेर लिया और जमकर नारेबाजी की। हंगामे की तीव्रता बढ़ने पर कई स्थानीय भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम स्थल छोड़ दिया। प्रशासन ने एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया।
दुकानों पर भी गिरी बंद की गाज, तोड़फोड़ के आरोप
भारत बंद के दौरान निकाली गई रैलियों के बीच कुछ स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने खुली दुकानों में घुसकर हंगामा किया। दुकानों के शटर गिराए गए और सामान अस्त-व्यस्त कर दिया गया। इन घटनाओं के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। व्यापारियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस का लाठीचार्ज
कई प्रदर्शनकारी हिरासत में स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर पुलिस को कुछ स्थानों पर हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम करने की कोशिश की और बार-बार चेतावनी के बावजूद नहीं माने। वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और हिंसा व सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हालात नियंत्रण में, जांच जारी
रविवार को शिवपुरी जिले के कई हिस्सों में घंटों तक तनावपूर्ण हालात बने रहे। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पुलिस और प्रशासन सतर्क हैं। अधिकारियों का कहना है कि उपद्रव में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पूरे मामले की जांच जारी है।
Comments (0)