मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में 15 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। पर्व से दो दिन पहले ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए उज्जैन पुलिस प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। कई प्रमुख मार्गों को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है और शहर के बाहरी क्षेत्रों में अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यदि आप जाम से बचना चाहते हैं, तो तय रूट और पार्किंग प्लान का पालन करें।
जानें कहां बनाए गए हैं पार्किंग एरिया
P-10: बडनगर की ओर से आने वाले वाहन मोहनपुरा ब्रिज के नीचे से मुरलीपुरा चौराहा (मुल्लापुरा) होते हुए मुरलीपुरा कृषि केंद्र मैदान में पार्क किए जाएंगे।
P-9: नागदा की ओर से आने वाले वाहन साडू माता की बावड़ी, कुत्ता बावड़ी टर्निंग, रातड़िया रोड से होते हुए राठौर क्षत्रिय तेली समाज मैदान में पार्क होंगे।
P-8: आगर की ओर से आने वाले वाहन मकोड़िया आम चौराहा, खाकचैक, जाट धर्मशाला, जूना सोमवारिया मार्ग से कार्तिक मेला ग्राउंड में पार्क किए जाएंगे।
P-9 (बस/भारी वाहन): आगर की ओर से आने वाली बसें और बड़े वाहन चौपाल सागर, उन्हेल नाका, साडू माता की बावड़ी, कुत्ता बावड़ी होते हुए राठौर क्षत्रिय तेली समाज मैदान में पार्क होंगे।
पार्किंग से मंदिर तक का रूट
P-3 (मक्सी साइड): पांड्याखेड़ी, पाइप फैक्ट्री, मन्नत गार्डन और इंपीरियल होटल के पीछे पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। यहां से श्रद्धालु सवारी बसों के माध्यम से कर्कराज पार्किंग तक पहुंचेंगे और वहां से पैदल मंदिर दर्शन के लिए जाएंगे।
P-3 (देवास-भोपाल साइड): मारूति शोरूम, पाइप फैक्ट्री, मन्नत गार्डन, इंपीरियल होटल के पीछे वाहन पार्क होंगे। आगे बस सेवा के जरिए कर्कराज पार्किंग और वहां से पैदल दर्शन की व्यवस्था रहेगी।
P-3 (इंदौर साइड): इंजीनियरिंग कॉलेज, मन्नत गार्डन, इंपीरियल होटल के पीछे पार्किंग रहेगी। यहां से सवारी बसों द्वारा कर्कराज पार्किंग और फिर पैदल मंदिर तक पहुंचा जा सकेगा।
इंदौर, नागदा, आगर और मक्सी की ओर से आने वाले भारी वाहन तपोभूमि, बडनगर और बायपास मार्ग से डायवर्ट किए जाएंगे।
मक्सी, देवास और इंदौर की ओर से आने वाले वाहन श्री सिंथेटेक्स, पांड्याखेड़ी चौराहा, शैफी, मारूति शोरूम, देवास रोड, नरवर बायपास और तपोभूमि से इंदौर की ओर डायवर्ट होंगे।
नागदा और उन्हेल की ओर से आने वाले वाहन मोहनपुरा ब्रिज, धर्म बडला, बदनावर फोरलेन के जरिए इंदौर, देवास और भोपाल की दिशा में मोड़े जाएंगे।
ये रहेंगे नो व्हीकल जोन
14 फरवरी 2026 की शाम 4 बजे से निम्न रूटों पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा—
हरिफाटक टी से महाकाल घाटी चौराहा की ओर
हरिफाटक टी से इंटरप्रिटेशन की ओर
जंतर-मंतर से जयसिंहपुरा, चारधाम पार्किंग की ओर
शंकराचार्य चौराहा से नृसिंह घाट की ओर
शंकराचार्य चौराहा से दानीगेट की तरफ
भूखीमाता टर्निंग से नृसिंह घाट की ओर
दौलतगंज से लोहा पुल की तरफ
कंठाल चौराहा से छत्री चौक की ओर
तेलीवाड़ा से कमरी मार्ग की ओर
दानीगेट से गणगौर दरवाजा, हरसिद्धि पाल की तरफ
केडी गेट से टंकी चौराहा की ओर
भार्गव तिराहे से कमरी मार्ग की ओर
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग और डायवर्जन रूट का पालन करें, ताकि महाशिवरात्रि पर दर्शन सुगम और सुरक्षित तरीके से हो सकें।