ऑल इंडिया रेडियो, रायपुर, वर्ल्ड रेडियो डे के अवसर पर शुक्रवार, 13 फरवरी को एक विशेष कॉन्क्लेव आयोजित करेगा। “वर्ल्ड रेडियो डे कॉन्क्लेव 2026” की थीम “रेडियो और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस” रखी गई है, और इसका आयोजन UNESCO के सहयोग से किया जा रहा है। आकाशवाणी के अनुसार, यह कार्यक्रम रायपुर के होटल बेबीलोन कैपिटल में सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जबकि प्रतिभागियों का पंजीयन सुबह 9:30 बजे से आरंभ होगा। आकाशवाणी के महानिदेशक ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिभागियों को इस कॉन्क्लेव में आमंत्रित किया है। कार्यक्रम में कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साईं मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
13 फरवरी को वर्ल्ड रेडियो डे मनाया जाता है
प्रतिभागियों से अनुरोध किया गया है कि वे सुरक्षा कारणों से अपने आमंत्रण पत्र साथ लेकर आएं और सत्र के दौरान मोबाइल फोन साइलेंट मोड में रखें। हर वर्ष 13 फरवरी को वर्ल्ड रेडियो डे मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य संचार के प्रभावी माध्यम के रूप में रेडियो की भूमिका को सम्मान देना और सूचना, संवाद तथा मनोरंजन के क्षेत्र में इसके योगदान को रेखांकित करना है।
2011 में 13 फरवरी को वर्ल्ड रेडियो डे घोषित किया
यह तिथि 1946 में संयुक्त राष्ट्र रेडियो की स्थापना की वर्षगांठ के रूप में महत्वपूर्ण है। UNESCO की महासम्मेलन ने वर्ष 2011 में 13 फरवरी को वर्ल्ड रेडियो डे घोषित किया था, जिसे 2012 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में मान्यता दी। इस दिन का उद्देश्य रेडियो के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सूचना तक पहुंच को प्रोत्साहित करना और वैश्विक स्तर पर प्रसारकों के बीच सहयोग को मजबूत करना है।
Comments (0)