नई दिल्ली: मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 के पेपर लीक मामले में मचे बवाल के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बड़ी घोषणा की है। गत 3 मई को आयोजित हुई परीक्षा को रद्द करने के बाद, अब एजेंसी ने आधिकारिक तौर पर पुन: परीक्षा (Re-exam) की तारीख जारी कर दी है। NEET-UG 2026 की परीक्षा अब 21 जून, रविवार को आयोजित की जाएगी।
पुराने एडमिट कार्ड पर ही दे सकेंगे परीक्षा
NTA ने परीक्षार्थियों को राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी।
रजिस्ट्रेशन: पुराना रजिस्ट्रेशन ही मान्य रहेगा।
फीस: दोबारा परीक्षा के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।
परीक्षा केंद्र: पहले से आवंटित केंद्र और कैंडिडेटशिप बरकरार रहेगी।
एजेंसी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर नए एडमिट कार्ड और विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगी।
24 लाख छात्रों का भविष्य दांव पर
पेपर लीक की खबरों और फिर परीक्षा रद्द होने के फैसले से देशभर के लगभग 24 लाख परीक्षार्थियों में अनिश्चितता का माहौल है। कई छात्र जो परीक्षा के बाद छुट्टियां मनाने घर चले गए थे, वे अब वापस कोचिंग सेंटरों का रुख कर रहे हैं। कोचिंग संस्थानों ने भी छात्रों की मदद के लिए नए सिरे से रिवीजन क्लासेस और मॉक टेस्ट शुरू कर दिए हैं।
CBI की जांच और पेपर लीक का तरीका
इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर रही है। अब तक की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच में पता चला है कि प्रश्नपत्रों की हाथ से लिखी कॉपियों को स्कैन कर PDF के रूप में सोशल मीडिया पर फैलाया गया था। इस गिरोह ने परीक्षार्थियों से मोटी रकम वसूल कर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए थे। मामले में अब तक कई राज्यों से गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और जांच जारी है।