मुंबई - टीवी अभिनेत्री हिना खान और रॉकी जायसवाल की प्रेम कहानी एक बार फिर चर्चा में है। करीब 13 साल तक एक-दूसरे के साथ रिश्ते में रहने के बाद दोनों ने 4 जून 2025 को शादी की थी। अब हिना ने खुलासा किया है कि कैंसर के इलाज के दौरान उन्होंने अचानक शादी करने का फैसला लिया था। इतना ही नहीं, दोनों की शादी की रस्में महज 15 मिनट से भी कम समय में पूरी हो गई थीं।
हिना ने यह खुलासा टेनिस स्टार सानिया मिर्जा के पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान किया। उन्होंने बताया कि खराब सेहत और भविष्य को लेकर अनिश्चितता के बीच उन्होंने रॉकी के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था।
हिना ने रॉकी से कही थी ये बात
पॉडकास्ट में हिना ने बताया कि शादी का फैसला पहले से तय नहीं था, बल्कि परिस्थितियों के बीच अचानक लिया गया था। उन्होंने रॉकी से कहा था कि या तो वह किसी और से शादी कर लें या फिर उनसे ही शादी कर लें, क्योंकि उन्हें नहीं पता था कि आने वाला कल कैसा होगा। हिना के मुताबिक, उन्होंने रॉकी से कहा था, "या तो आप आगे बढ़ जाइए और किसी और से शादी कर लीजिए, जिससे भी आप चाहें, या फिर आप मुझसे ही शादी कर लीजिए, क्योंकि मुझे नहीं पता कि कल क्या होगा।" अभिनेत्री ने बताया कि रॉकी को उनके इस फैसले से कोई परेशानी नहीं थी और वह शादी के लिए तैयार थे। इसके बाद दोनों ने बिना किसी लंबी तैयारी के शादी कर ली।
15 मिनट से भी कम समय में पूरी हुई शादी
बातचीत के दौरान जब सानिया मिर्जा ने हैरानी जताते हुए पूछा कि क्या दोनों ने सच में 15 मिनट के भीतर शादी कर ली थी, तो हिना ने बताया कि रस्में इससे भी कम समय में पूरी हो गई थीं। हिना ने कहा कि कैंसर के इलाज के दौरान उनकी सेहत ठीक नहीं थी और इसी वजह से उन्होंने शादी का फैसला अचानक लिया। उनके लिए उस समय सबसे जरूरी बात रॉकी के साथ अपने रिश्ते को औपचारिक रूप देना नहीं, बल्कि एक-दूसरे का साथ बनाए रखना था।
शादी के बाद भी रिश्ते में नहीं आया बदलाव
हिना खान ने बातचीत में यह भी कहा कि शादी उनके रिश्ते को परिभाषित नहीं करती। उनके और रॉकी के बीच शादी के बाद भी कुछ खास नहीं बदला है। दोनों पहले की तरह सहज और एक-दूसरे के साथ खुश रहते हैं। अभिनेत्री ने बताया कि उन्हें अपनी पहली शादी की सालगिरह तक याद नहीं रही। जब लोगों ने उन्हें बधाइयां देना शुरू किया, तब उन्हें तारीख का एहसास हुआ। उन्होंने कहा कि वह और रॉकी तारीखों को लेकर बहुत ज्यादा सजग रहने वाले लोगों में से नहीं हैं।
मुश्किल दौर में रॉकी बने रहे हिना का सहारा
हिना खान कई बार सार्वजनिक रूप से बता चुकी हैं कि कैंसर से उनकी लड़ाई के दौरान रॉकी ने उनका लगातार साथ दिया। इलाज और मुश्किल समय में रॉकी उनके लिए मजबूत सहारा बने रहे। करीब 13 साल के रिश्ते के बाद दोनों ने शादी का फैसला किया। हिना की यह कहानी बताती है कि उनके लिए रिश्ते की अहमियत किसी खास तारीख या बड़े समारोह से नहीं, बल्कि मुश्किल वक्त में एक-दूसरे के साथ खड़े रहने से जुड़ी है।