मालदा: पश्चिम बंगाल में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मालदा जिले के कालियाचक में NH-12 पर स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और पश्चिम बंगाल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 2.688 किलोग्राम मॉर्फिन बरामद की गई है। इस मामले में अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पुलिस और STF की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए नशे के कारोबारियों को सख्त चेतावनी दी है।
NH-12 पर वाहन रोककर STF ने की कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स की एक सतर्क टीम ने मालदा जिले के कालियाचक इलाके में मधुघाट के पास NH-12 पर एक वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से लगभग 2.688 किलोग्राम प्रतिबंधित मॉर्फिन बरामद हुई। इसके बाद मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं।
पूरे ड्रग्स नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की तैयारी
इस मामले में पुलिस ने एक विशेष केस दर्ज किया है। जांच एजेंसियों का लक्ष्य केवल गिरफ्तार आरोपियों तक कार्रवाई सीमित रखना नहीं, बल्कि इस पूरे तस्करी नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचना है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, सप्लाई चेन और इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच करेगी।
सुवेंदु अधिकारी ने पुलिस की कार्रवाई को सराहा
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पश्चिम बंगाल पुलिस और STF के अधिकारियों एवं जवानों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि टीम ने तेजी और आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करते हुए अपनी जिम्मेदारी का बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
नशे के कारोबारियों को दी सख्त चेतावनी
सुवेंदु अधिकारी ने ड्रग्स तस्करों, रैकेट चलाने वालों और सिंडिकेट से जुड़े लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने और नशामुक्त भारत अभियान को मजबूत करने के लिए ऐसे अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
मालदा में हुई यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।