कोलकाता डेस्क: अमेरिका की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी एनवीडिया (NVIDIA) के सीईओ जेनसेन हुआंग इन दिनों अपने निजी संबंधों और कथित चीनी जासूसी नेटवर्क से जुड़े आरोपों को लेकर सुर्खियों में हैं। इस पूरे विवाद पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रतिक्रिया दी है। ट्रंप का कहना है कि उन्होंने जेनसेन हुआंग से सीधे इस मामले में बात की है। बातचीत के दौरान हुआंग ने उन्हें बताया कि उन्हें इस बात की बिल्कुल जानकारी नहीं थी कि जिस चीनी महिला से उनके संबंध बताए जा रहे हैं, वह कथित तौर पर जासूसी गतिविधियों में शामिल थी।
ट्रंप ने सोमवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि उन्होंने हुआंग से पूछा था कि क्या उन्हें उस महिला के जासूस होने का अंदाजा था? इस पर हुआंग ने साफ कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं थी। ट्रंप ने कहा, ''मुझे उनकी बात पर विश्वास है।'' उन्होंने यह भी भरोसा जताया कि जेनसेन हुआंग इस पूरे मामले से बाहर निकलने में सफल रहेंगे।
चीनी महिला से संबंधों को लेकर क्यों बढ़ा विवाद?
दरअसल, अमेरिकी मीडिया में आई रिपोर्टों के मुताबिक, एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग का एलिस हुआंग नाम की एक चीनी कारोबारी महिला के साथ करीबी संबंध था। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि उक्त महिला ने चीन के लिए सूचनाएं जुटाई थीं। रिपोर्टों में दावा किया गया है कि महिला ने हुआंग के साथ अपने संपर्कों के जरिए एनवीडिया से जुड़ी कारोबारी और तकनीकी जानकारियां हासिल करने की कोशिश की थी।
इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया, जब जेनसेन हुआंग ने अपनी कंपनी के कर्मचारियों को लिखे एक पत्र में विवाहेतर संबंध होने की बात स्वीकार की। उन्होंने अपनी पत्नी और परिवार से माफी भी मांगी। हालांकि, किसी गोपनीय तकनीकी जानकारी को चीन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका की अभी तक सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
FBI कर रही मामले की जांच, एनवीडिया ने भी शुरू की पड़ताल
इस पूरे घटनाक्रम के बीच अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (FBI) भी मामले की जांच कर रहा है। ट्रंप ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि एजेंसी इस मामले को देख रही है। वहीं, एनवीडिया के निदेशक मंडल ने भी यह पता लगाने के लिए स्वतंत्र जांच शुरू की है कि कहीं कंपनी के सीईओ को किसी विदेशी खुफिया अभियान का निशाना तो नहीं बनाया गया।
मामले को केवल व्यक्तिगत संबंधों तक सीमित नहीं माना जा रहा है। एनवीडिया दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण एआई चिप निर्माता कंपनियों में शामिल है। ऐसे में कंपनी की तकनीक, कारोबारी रणनीति और संवेदनशील जानकारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
चीन ने जासूसी के आरोपों को बताया बेबुनियाद
दूसरी तरफ, चीन ने इस पूरे मामले में अपनी भूमिका से इनकार किया है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने चीनी महिला के जासूसी गतिविधियों में शामिल होने से जुड़े आरोपों को निराधार बताते हुए उन्हें चीन के खिलाफ बदनाम करने की कोशिश करार दिया।
एनवीडिया के शेयरों पर भी दिखा विवाद का असर
जेनसेन हुआंग को लेकर उठे विवाद का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला। रिपोर्टों के मुताबिक, सोमवार को एनवीडिया के शेयरों में 4 फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई और कंपनी का शेयर सात महीने के निचले स्तर तक पहुंच गया।
फिलहाल इस पूरे मामले में FBI की जांच और एनवीडिया की आंतरिक पड़ताल पर सबकी नजरें टिकी हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह मामला सिर्फ एक कारोबारी रिश्ते और निजी संबंधों तक सीमित है या इसके पीछे वाकई किसी विदेशी खुफिया अभियान की भूमिका रही है। इसका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा।