प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी को चुने जाने पर 140 करोड़ भारतीयों की ओर से बधाई दी और उनके साथ द्विपक्षीय सहयोग को और सशक्त बनाने की इच्छा जताई। यह राष्ट्रपति हर्मिनी की पहली भारत यात्रा है, जो ऐसे समय पर हो रही है जब सेशेल्स अपना 50वां स्वतंत्रता दिवस और भारत-सेशेल्स के राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ मना रहा है।
भारत और सेशेल्स के संबंध केवल राजनयिक नहीं हैं
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और सेशेल्स के संबंध केवल राजनयिक नहीं हैं, बल्कि ये ऐतिहासिक, भरोसेमंद और साझा भविष्य की दृष्टि पर आधारित हैं। उन्होंने इसे “कल, आज और आने वाले कल” से जुड़े रिश्ते के रूप में वर्णित किया। भारत और सेशेल्स के बीच आर्थिक, सामरिक और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों ने लोकल करेंसी में व्यापार बढ़ाने, फिनटेक और डिजिटल सॉल्यूशन के क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।
PM मोदी ने 175 मिलियन डॉलर के विशेष पैकेज की घोषणा की
प्रधानमंत्री मोदी ने 175 मिलियन डॉलर के विशेष पैकेज की घोषणा की, जो सोशल हाउसिंग, ई-मोबिलिटी, वोकेशनल ट्रेनिंग, स्वास्थ्य, रक्षा और मैरिटाइम सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में परियोजनाओं का समर्थन करेगा। इसके अलावा, सेशेल्स के सिविल सेवकों के भारत में प्रशिक्षण के लिए MoU पर भी हस्ताक्षर किए गए। समुद्री पड़ोसी और विश्वसनीय साझेदार के रूप में भारत और सेशेल्स ने ब्लू इकोनॉमी, समुद्री अनुसंधान, क्षमता निर्माण और डेटा साझाकरण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि द्विपक्षीय सहयोग न केवल दोनों देशों के लिए बल्कि हिंद महासागर क्षेत्र के साझा भविष्य के लिए भी महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि सेशेल्स में बसे भारतीय समुदाय ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पर्यटन, शिक्षा, संस्कृति और खेल के माध्यम से लोगों के बीच संबंधों को और गहरा करने पर भी विचार-विमर्श हुआ। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति हर्मिनी ने दोनों देशों के बीच साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प व्यक्त किया।
Comments (0)