राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दिवंगत वरिष्ठ नेता अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार आज मंगलवार को महाराष्ट्र की नई उपमुख्यमंत्री के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण करेंगी। इस मौके को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह का माहौल है। उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने से पहले सुनेत्रा पवार मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद वह दादर स्थित चैत्यभूमि पहुंचकर भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। चैत्यभूमि वही स्थान है, जहां डॉ. आंबेडकर का अंतिम संस्कार किया गया था।
एनसीपी के वरिष्ठ नेता रहेंगे साथ
इस दौरान एनसीपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता सुनेत्रा पवार के साथ मौजूद रहेंगे। धार्मिक और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के बाद वह उपमुख्यमंत्री पद का औपचारिक कार्यभार संभालेंगी।
विमान हादसे में हुआ था अजित पवार का निधन
गौरतलब है कि 28 जनवरी को अजित पवार जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के प्रचार के लिए बारामती आ रहे थे, इसी दौरान उनका विमान रनवे पर लैंडिंग के समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अजित पवार समेत चार अन्य लोगों की भी मौत हो गई थी। 29 जनवरी को बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
अजित पवार के निधन के बाद मिला उपमुख्यमंत्री पद
अजित पवार के निधन के बाद पार्टी और सरकार ने उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें आबकारी, खेल और अल्पसंख्यक विकास विभाग का प्रभार दिया गया है।
सुनेत्रा पवार का भावुक बयान
शपथ ग्रहण के बाद सुनेत्रा पवार ने कहा कि आदरणीय अजीतदादा ने किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के लिए जीवन भर काम करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि ‘शिव-शाहू-फुले-अंबेडकर’ के सिद्धांतों के प्रति निष्ठा रखते हुए वह उनके विचारों और सपनों के महाराष्ट्र को साकार करने के लिए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करती रहेंगी। उन्होंने आगे कहा कि इस कठिन समय में महाराष्ट्र के लोगों का प्यार और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है, जिसके सहारे वह नई उम्मीद के साथ आगे बढ़ेंगी।
Comments (0)