आजकल फिट और हेल्दी रहने के लिए लोग जिम, रनिंग, योग और हाई-इंटेंसिटी वर्कआउट को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं। नियमित एक्सरसाइज शरीर को मजबूत बनाने, वजन नियंत्रित रखने और कई बीमारियों से बचाने में मदद करती है। लेकिन फिटनेस पाने की जल्दबाजी में लोग अक्सर ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जो खासतौर पर घुटनों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक घुटने शरीर का बेहद अहम हिस्सा हैं, जो चलने, दौड़ने, बैठने और उठने जैसी लगभग हर गतिविधि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में अगर एक्सरसाइज सही तरीके से न की जाए, तो घुटनों की मांसपेशियों और लिगामेंट्स पर अतिरिक्त दबाव पड़ने लगता है, जिससे दर्द और इंजरी का खतरा बढ़ जाता है।
वार्मअप स्किप करना पड़ सकता है भारी
फिटनेस एक्सपर्ट्स का कहना है कि वर्कआउट से पहले वार्मअप करना बेहद जरूरी होता है, लेकिन कई लोग समय बचाने के लिए इसे नजरअंदाज कर देते हैं। सीधे एक्सरसाइज शुरू करने से घुटनों की मांसपेशियों पर अचानक दबाव पड़ता है, जिससे चोट लगने की संभावना बढ़ जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार रनिंग, स्क्वैट्स, जंपिंग या हाई-इंटेंसिटी एक्सरसाइज से पहले कम से कम 10 मिनट का वार्मअप जरूर करना चाहिए। इससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और जोड़ों में लचीलापन आता है।
गलत पोश्चर में एक्सरसाइज बन सकती है खतरा
वर्कआउट के दौरान गलत पोश्चर भी घुटनों को नुकसान पहुंचा सकता है। खासकर स्क्वैट्स, लंजेस और लेग एक्सरसाइज करते समय शरीर का संतुलन बिगड़ने पर घुटनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इस वजह से धीरे-धीरे घुटनों में दर्द, सूजन और लिगामेंट इंजरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। फिटनेस ट्रेनर्स का कहना है कि एक्सरसाइज हमेशा सही तकनीक और प्रशिक्षक की निगरानी में करनी चाहिए।
जरूरत से ज्यादा वर्कआउट करना भी नुकसानदायक
कई लोग जल्दी फिट होने या तेजी से वजन कम करने के लिए जरूरत से ज्यादा वर्कआउट करने लगते हैं। लगातार हाई-इंटेंसिटी ट्रेनिंग करने से घुटनों के जोड़ कमजोर पड़ सकते हैं।
विशेषज्ञ बताते हैं कि शरीर को पर्याप्त आराम न मिलने पर मांसपेशियां रिकवर नहीं हो पातीं, जिससे घुटनों में दर्द और सूजन की समस्या बढ़ सकती है। इसलिए अपनी क्षमता के अनुसार ही एक्सरसाइज करनी चाहिए और शरीर को रिकवरी का समय देना जरूरी है।
सही जूते पहनना भी बेहद जरूरी
वर्कआउट के दौरान सही जूतों का इस्तेमाल करना भी घुटनों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी माना जाता है। कई लोग सामान्य जूते पहनकर ही रनिंग या एक्सरसाइज शुरू कर देते हैं, जिससे घुटनों पर ज्यादा झटका पड़ता है।
फिटनेस विशेषज्ञों के मुताबिक अच्छी क्वालिटी के स्पोर्ट्स शूज पैरों और घुटनों को बेहतर सपोर्ट देते हैं और एक्सरसाइज के दौरान दबाव को कम करने में मदद करते हैं।
फिटनेस के साथ सुरक्षा भी जरूरी
डॉक्टर्स का कहना है कि फिटनेस जरूरी है, लेकिन सही तरीके से किया गया वर्कआउट ही शरीर को फायदा पहुंचाता है। गलत तकनीक, लापरवाही और जरूरत से ज्यादा एक्सरसाइज लंबे समय में घुटनों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए एक्सरसाइज करते समय सावधानी और सही तकनीक अपनाना बेहद जरूरी है।