अनूपपुर: अनूपपुर में सोमवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में आर्मी जवान समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में दो सगे भाई और बोलेरो का मालिक शामिल हैं। आर्मी जवान दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहा था।हादसा सोमवार सुबह करीब 4 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के छूलहा गांव के पास हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर कर दिया गया।
दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दीनबंधु विश्वकर्मा (36), विनीत विश्वकर्मा (26) और मोहम्मद करीम (32) के रूप में हुई है।विनीत और दीनबंधु दोनों सगे भाई थे। विनीत भारतीय सेना में जवान था और दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आ रहा था। तीसरे मृतक मोहम्मद करीम बोलेरो का मालिक था और धनगवां का रहने वाला था।
वहीं, हादसे में धनगवां निवासी राजू तिवारी (30), पिता सुरेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, इसके बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया।
दोस्त की शादी में शामिल होने छुट्टी लेकर घर आ रहा था आर्मी जवान
मृतक विनीत विश्वकर्मा के पिता जयकरण विश्वकर्मा ने बताया कि उनका सबसे छोटा बेटा विनीत आर्मी में जवान था। वह अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहा था। शादी छत्तीसगढ़ के रायपुर में होनी थी।पिता के मुताबिक, विनीत रात करीब 3 बजे ट्रेन से पहुंचा था। इसके बाद वह घर लौटने के लिए निकला। उसके साथ बड़ा भाई दीनबंधु और दोस्त राजू तिवारी भी थे। छूलहा गांव के पास बोलेरो हादसे का शिकार हो गई।
सुबह 5:30 बजे परिवार को मिली हादसे की सूचना
जयकरण विश्वकर्मा ने बताया कि पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे परिवार को फोन कर हादसे की जानकारी दी। इसके बाद परिजन घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे।उन्होंने बताया कि उनका परिवार अनूपपुर क्षेत्र में रहता है। वे लोहारी का काम करते हैं। उनका सबसे बड़ा बेटा कियोस्क सेंटर चलाता है, जबकि दीनबंधु पंचायत में सेल्समैन के पद पर काम करता था।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और परिजनों को सूचना दी। दुर्घटना में बोलेरो पूरी तरह ट्रक के पिछले हिस्से से टकराई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।