उज्जैन: श्रावण माह के पावन अवसर पर रविवार शाम उज्जैन के शक्तिपथ पर भक्ति, संगीत और संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। प्रसिद्ध गायक बी प्राक भगवान शिव को समर्पित भजनों की प्रस्तुति देंगे। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के समन्वय से ‘शिवतत्व-श्रावण कला उत्सव’ का आयोजन शाम 7 बजे शक्तिपथ स्थित त्रिवेणी संग्रहालय के सामने, श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर में किया जाएगा। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की एंट्री निशुल्क रहेगी।
महाकाल के आंगन में बी प्राक की शिव आराधना
कार्यक्रम में बी प्राक और उनके साथी मुंबई से भगवान शिव की आराधना और भक्ति से जुड़ी लोकप्रिय प्रस्तुतियां देंगे। श्रावण माह की आध्यात्मिक ऊर्जा के बीच उनकी आवाज में शिव भजनों का आनंद लेने का श्रद्धालुओं को खास मौका मिलेगा। कार्यक्रम को लेकर भक्तों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है।
निवाड़ी के कलाकार भी देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुति
शिवतत्व-श्रावण कला उत्सव में सिर्फ बी प्राक ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश के स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे। निवाड़ी के पवन तिवारी और उनके साथी सांस्कृतिक एवं भक्तिमय कार्यक्रम पेश करेंगे। इससे आयोजन में भक्ति के साथ प्रदेश की लोक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी।
बी प्राक बोले- महाकाल के आंगन में प्रस्तुति का सपना पूरा हुआ
बी प्राक उज्जैन पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि भगवान महाकाल के आंगन में प्रस्तुति देने का वह लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। अब उनका यह सपना पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि संगीत और सुरों के माध्यम से सभी को भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त होगा।
भक्ति, संगीत और संस्कृति का होगा संगम
श्रावण मास को समर्पित यह आयोजन आध्यात्मिक ऊर्जा और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को मंच देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। शिव भजनों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भक्तिमय वातावरण के बीच यह शाम श्रद्धालुओं के लिए खास रहने वाली है।
श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश निशुल्क
‘शिवतत्व-श्रावण कला उत्सव’ में श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा गया है। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने श्रद्धालुओं और नागरिकों से बड़ी संख्या में पहुंचकर इस भक्तिमय आयोजन में शामिल होने की अपील की है।
शक्तिपथ पर आज सजेगी खास भक्तिमय शाम
शाम 7 बजे शुरू होने वाले कार्यक्रम को लेकर शक्तिपथ और महाकाल मंदिर परिसर में विशेष उत्साह है। श्रावण माह में भगवान महाकाल की नगरी में बी प्राक की शिव आराधना और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां इस आयोजन को यादगार बनाने वाली हैं।