बालाघाट जिले में एक दर्दनाक हादसे में दो किसानों की जान चली गई। किरनापुर थाना क्षेत्र के पिपरटोला गांव में खेत के कुएं में खराब मोटरपंप ठीक करने उतरे दोनों किसान जहरीली गैस की चपेट में आ गए। दम घुटने से दोनों कुएं के अंदर ही बेहोश होकर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों के शव बाहर निकाले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोटरपंप की मरम्मत करने कुएं में उतरे थे किसान
पुलिस के अनुसार किरनापुर थाना क्षेत्र के पिपरटोला गांव निवासी युवराज बिसेन (55) के खेत में लगे कुएं का मोटरपंप खराब हो गया था। गुरुवार शाम करीब छह बजे युवराज बिसेन अपने साथी महेश चौधरी (45) के साथ मोटरपंप की मरम्मत करने के लिए कुएं में उतरे थे। इसी दौरान दोनों हादसे का शिकार हो गए।
जहरीली गैस से घुटा दम, कुएं में ही हो गई मौत
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह कुआं लंबे समय से उपयोग में नहीं था। पर्याप्त वेंटिलेशन नहीं होने के कारण उसके भीतर जहरीली गैस जमा हो गई थी। जैसे ही दोनों किसान कुएं में नीचे पहुंचे, उनका दम घुटने लगा और वे बेहोश होकर नीचे गिर पड़े। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने उनकी तलाश की और पुलिस को सूचना दी।
एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान
सूचना मिलते ही किरनापुर पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। कुएं के अंदर जहरीली गैस होने के कारण बचाव अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए एसडीआरएफ की टीम ने देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और दोनों किसानों के शव बाहर निकाले। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।